तपोवन में आनंद धाम आश्रम के समीप ओवर फ्लो होकर बहता सीवर ।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। ग्राम पंचायत तपोवन में आनंद धाम आश्रम के समीप सप्ताहभर से सीवर ओवरफ्लो होकर बह रहा है। सीवर का गंदा पानी मुख्य मार्ग पर बह रहा है। सड़क पर गंदे पानी बहने से पर्यटकों के अलावा स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही है। आसपास होटल और ढाबा संचालक गंदगी से परेशान हैं। शिकायत के बावजूद भी जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान करने की जहमत तक नहीं उठा रहे हैं। तपोवन निवासी अनुसूया प्रसाद ने बताया कि आनंद धाम आश्रम के समीप सीवर ओवर फ्लो होकर बह रहा है। सीवर का सारा गंदा पानी नालियों और सड़क पर बह रहा है। दूषित पानी से आसपास दुर्गंध फैल रही है। पर्यटक स्थल होने के कारण सुबह से शाम तक क्षेत्र में सैकड़ों पर्यटक आवाजाही कर रहे हैं। इस बारे में कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
शहर में हर दिन चेंबरों से बहता है सीवर
जल संस्थान अनुरक्षण इकाई गंगा की ओर से सीवर लाइनों की ढंग से सफाई न करने से शहर में हर दिन किसी न किसी चेंबर से सीवर बहता रहता है। कभी देहरादून रोड, कभी अस्पताल के गेट, कभी दून तिराहा, कभी मुखर्जी चौक, कभी जीजीआईसी तिराहे पर सीवर बहता रहता है। शनिवार को भी देहरादून रोड पर व्यापार सभा के पास सीवर बह रहा था। लेकिन जल संस्थान अनुरक्षण इकाई को कोई भी अधिकारी कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
मामला संज्ञान में नहीं है। संबंधित कर्मचारी को निर्देशत कर जल्द समस्या का समाधान किया जाएगा।
हरीश बंसल, सहायक अभियंता, जल संस्थान, अनुरक्षण इकाई (गंगा)