डोईवाला। कोरोना संक्रमण में गिरावट होने से अब जौलीग्रांट एयरपोर्ट में हवाई यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। इसके साथ यह एयरपोर्ट मार्च से वाराणसी शहर से हवाई सेवा से जुड़ने जा रहा है। विमानन कंपनी स्पाइस जेट का वाराणसी देहरादून हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव है।
कोरोना के ओमिक्रॉन वैरियंट के बढ़ते प्रभाव का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा था। ओमिक्रॉन से पहले 22 फ्लाइटों की आवाजाही थी, जिसमें चार से पांच हजार हवाई यात्री रोजाना आवाजाही कर रहे थे। ओमिक्रान वैरियंट के प्रभाव से फ्लाइटों की संख्या घटकर छह से दस के बीच आ गई थी। अब धीरे-धीरे हवाई यात्रियों की संख्या में इजाफा हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से लगातार हवाई यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। वर्तमान में जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हवाई यात्री दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, अहमदाबाद, बंगलूरू और पंतनगर के लिए आना जाना कर रहे हैं। एयरपोर्ट मैनेजर सुमित सक्सेना ने बताया कि कोरोना संक्रमण में कमी होने पर हवाई यात्रियों की संख्या में बढ़ोतरी दर्ज हो रही है, जिससे कुछ फ्लाइट बढ़ सकती हैं। उन्होंने बताया कि विमानन कंपनी स्पाइस जेट का एक मार्च से वाराणसी देहरादून के लिए हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव है।