नया लक्ष्मणझूला पुल थ्री लेन का होगा। इसमें दोनों किनारों से पैदल यात्रा और बीच से वाहनों की आवाजाही की जा सकेगी। पुल के डिजाइनर चमोली ने बताया कि 130 मीटर लंबे झूला पुल में पैदल साइड की चौड़ाई 6 फीट और बीच मार्ग की चौड़ाई 8 फीट रखी गई है। बीच वाले मार्ग पर छोटा चौपहिया वाहन भी जा सकेगा।
पुल से होंगे ऋषिकेश के दर्शन
नये लक्ष्मणझूला पुल पर केदारनाथ मंदिर के दोनों किनारों पर लिफ्ट लगेगी। इसमें बैठकर 20 मीटर ऊपर मंदिर के शीर्ष छोर तक पहुंचा जा सकेगा। यहां से दूरबीन के माध्यम से ऋषिकेश को निहारा जा सकेगा। डिजाइन में पुल की मजबूती के साथ आस्था का बेहतरीन समन्वय बनाने की कोशिश की गई है।
पैदल मार्ग के डेक पर लगेगा कांच
पीके चमोली ने बताया कि झूला पुल पर पैदल यात्रा के लिए बनाए जाने वाले दोनों छोर के डेक पर कांच लगाया जाएगा। दोनों किनारों पर बनने वाले फुट पाथ (डेक) के दोनों ओर तीन-तीन फुट चौड़ाई में कांच लगाए जाएंगे। डिजाइनर के मुताबिक पूरी संरचना शासन को भेजी जाएगी। इसमें यदि शासन चाहे तो फेरबदल भी कर सकता है।