ऋषिकेश। तमिलनाडु के कुन्नूर में सेना का हेलीकाप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत और अन्य सैन्य अधिकारियों के निधन पर परमार्थ निकेतन के आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने गहरा दु:ख प्रकट किया है। आश्रम प्रबंधन और ऋषिकुमारों के साथ स्वामी चिदानंद ने बिपिन रावत को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि परम विशिष्ट सेवा पदक, उत्तम युद्ध सेवा पदक, अति विशिष्ट सेवा पदक, युद्ध सेवा पदक, सेना पदक, विशिष्ट सेवा पदक प्राप्त सीडीएस जनरल बिपिन रावत ने अपना पूरा जीवन मातृभूमि की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि भारत ने अपना श्रेष्ठ रत्न खो दिया है। उन्होंने भारत के लिए जो योगदान दिया, उसे आने वाली पीढ़ियां हमेशा याद रखेंगी। उन्होंने ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। इस मौके पर डॉ. साध्वी भगवती सरस्वती, रामअनंत तिवारी और गंगा नंदिनी आदि शामिल थे।