श्यामपुर चौकी क्षेत्र के गुमानीवाला में पत्नी से गुस्साए पति ने उसको डराने के लिए हवा में फायर झोंक दिया। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पत्नी और पति के बीच फैमिली कोर्ट में वाद चल रहा है।
ऋषिकेश कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि पुलिस को लक्ष्मी शाह निवासी निवासी गली नंबर 4 गंगोत्री कॉलोनी गुमानीवाला, श्यामपुर ने सूचना दी कि उसका अपने पति अजय शाह से फैमिली कोर्ट में वाद चल रहा है। बुधवार को उसका पति तमंचा लेकर उसके घर पहुंचा और तमंचा निकालकर हवा में गोली चला दी। सूचना पर कोतवाल मयफोर्स मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी पति ने बताया कि उसके और पत्नी के बीच विवाद चल रहा है। मामला फैमिली कोर्ट ऋषिकेश में विचाराधीन है। आरोपी ने बताया कि वह अपने चार वर्षीय बेटे को मिलने गुमानीवाला आया था। उसने पत्नी को डराने के इरादे से तमंचे से हवा में फायर कर दिया। कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि आरोपी अजय शाह निवासी सुभाष नगर, बनखंडी, ऋषिकेश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बिना लाइसेंस का अवैध देशी तमंचा बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, डराने समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।