डोईवाला। वन सीमा से सटे गांव सिमलास ग्रांट और दूधली आदि क्षेत्रों में इन दिनों गुलदार की आमद से ग्रामीणों में दहशत है। ग्रामीण वन विभाग से समस्या के निदान की मांग की है।
राजा जी टाइगर रिजर्व और वन प्रभाग की लच्छीवाला रेंज के अंतर्गत आने वाले गांवों में इन दिनों मादा गुलदार शावकों के साथ घूमत दिखाई दे रही है। अभी तक कई गांवों में जंगली हाथियों का उत्पात लगातार देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि गुलदार गांव के बीच से एक बछिया को निवाला बना चुका है। इसके अलावा घरों में पालतू कुत्तों को भी निशाना बना रहा है। सिमलास ग्रांट के पूर्व प्रधान उम्मेद वोरा ने बताया कि गुलदार को उसके दो बच्चों के साथ ग्रामीणों ने आबादी क्षेत्र में घूमते हुऐ देखा है। जिससे लोगों को जान माल का भय सताने लगा है। कहा कि टाइगर रिजर्व ओर वन प्रभाग के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया है। वन पंचायत सलाहकार परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष करन बोरा ने कहा कि विभाग के उच्चाधिकारियों से तत्काल विभागीय गश्त बढ़ाने से लेकर समस्या के प्रभावी रोकथाम के लिए कहा गया है। लच्छीवाला वन रेंज अधिकारी घनानंद उनियाल ने बताया कि जंगली जानवरों को आबादी में आने से रोकने के लिए अतिरिक्त गश्त की व्यवस्था की गई है।