ऋषिकेश। रानीपोखरी स्थित मोटरपुल के ढहने के बाद जिलाधिकारी डॉ.आर राजेश कुमार ने वैकल्पिक मार्ग निर्माण के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति का गठन किया है। इस समिति में उपजिलाधिकारी ऋषिकेश, जिला खान अधिकारी और जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को सदस्य नामित किया गया है। जाखन नदी पर बने मोटरपुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद वैकल्पिक मार्ग के निर्माण और नदी पर जमे मलबा का चैनेलाइजेशन और सुरक्षात्मक कार्य कराने के लिए समिति बनाई गई है। समिति लोनिवि ऋषिकेश के अधिशासी अभियंता, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड, देहरादून, प्रभागीय वनाधिकारी देहरादून उक्त संबंध में विशेष रिपोर्ट मांगकर अपनी आख्या जिलाधिकारी को देगी।