एक फोन कॉल ने पुलिस को हत्या के मामले की जांच में लगा दिया। सूचना में सौंग नदी में शव फेंके जाने की बात कही गई, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस को पूरा मामला झूठा मिला।
कालूवाला क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को फोन पर खुद की हत्या की झूठी सूचना देकर काफी देर तक दौड़ाया। जब पुलिस सूचना देने वाले व्यक्ति तक पहुंची तो पता चला कि हत्या की सूचना झूठी थी। पुलिस ने संबधित व्यक्ति को चालान काटकर चेतावनी दी।
विज्ञापन
बुधवार रात करीब दस बजे अर्जुन चौहान निवासी ग्राम निगासन लखीमपुर खीरी, यूपी ने अपने जीजा के मोबाइल फोन से 112 पर और चौकी इंचार्ज जौलीग्रांट के फोन नंबर पर सूचना देते हुए कहा कि कालूवाला में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को सौंग नदी में फेंक दिया गया है। जिसके बाद चौकी और थाना पुलिस तुरंत मौके के लिए रवाना हुई। काफी देर तक इधर-उधर ढूंढने के बाद पुलिस सूचना देने वाले व्यक्ति तक पहुंच गई।
सूचना देने वाला व्यक्ति श्रमिक निकला। जो इन दिनों क्षेत्र में धान की कटाई करने के लिए कालूवाला आया हुआ था। झूठी सूचना देने वाले अर्जुन ने पुलिस को बताया कि उसके भाई-भाभी उसका करीब बीस हजार रूपये लेकर चले गए हैं। इसलिए उसने अपने जीजा के फोन से भाई-भाभी पर खुद की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को झूठी सूचना दी। कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसाई ने कहा कि झूठी सूचना देने वाले व्यक्ति का चालान काटकर चेतावनी दी गई है।