ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
क्षेत्र के एक प्राचीन धर्मस्थल में आपत्तिजनक गतिविधियों का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में तथाकथित धर्म गुरु एक युवती के साथ कमरे में अचेत अवस्था में है। फिलहाल आपत्तिजनक अवस्था में मिले तथाकथित धर्म गुरु गायब है। वहीं युवती को कहीं अन्यत्र रवाना कर दिया गया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन की बात कह रही है।
मामला ऋषिकेश स्थित गंगा नगर के एक प्राचीन धर्मस्थल से जुड़ा है। धर्मस्थल से जुड़े अश्लील गतिविधियों के करीब चार वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहे हैं। एक वीडियो में तथाकथित धर्म गुरु और युवती को एक कमरे में अचेत अवस्था में अस्तव्यस्त हालत में दिखाया गया है। दूसरे वीडियो में तथाकथित धर्म गुरु के बगल में लेटी बेसुध युवती को किसी तरह बाहर लाया जा रहा है और कुछ लोग युवती को वहां से रवाना करने की कोशिश कर रहे हैं। बेसुध युवती अपने पांव पर खड़ी नहीं हो पा रही है। तीसरे वीडियो में घटनाक्रम रिकार्ड कर रहे लोगों से धर्मस्थल के भगवा वेशधारी लोग बहस करते दिख रहे हैं। वीडियो में धर्मस्थल के लोगों पर गांजा और चरस जैसे नशीले पदार्थों के कारोबार का आरोप भी लगाया जा रहा है। इसके अलावा वीडियो में धर्मस्थल में दिख रही युवती जिस स्कूटी से आई थी उसका नंबर राजस्थान का है। भगवा वेशधारी एक युवक जब युवती को तत्काल चली जाने को कहता है तो युवती बेसुध होने के कारण हिल भी नहीं पा रही है। युवती अपने कपड़े भी ठीक से पहन नहीं पा रही है। इस दौरान भगवा वेशधारी युवती से गालीगलौच भी करता है।
कोतवाल रितेश शाह ने बताया कि वीडियो उनके पास भी पहुंचे हैं। धर्मस्थल के संचालक को बुलवाया गया है। वीडियो में दिख रहा भगवा वेशधारी युवक महीने में एक दो बार आता है, वह राजस्थान का मूल निवासी है। मामले की तफ्तीश की जा रही है।