डोईवाला। देहरादून कुआंवाला हाईवे पर शनिवार को एक चलते ट्रक में आग लग जाने से अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के वाहन ने आग पर काबू पाया। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
कोतवाली डोईवाला की हर्रावाला पुलिस चौकी क्षेत्र के कुआंवाला हाईवे से गुजर रहे एक ट्रक में शनिवार सुबह 9:30 बजे अचानक आग लग गई। सड़क पर ट्रक में आग लगने से हाईवे पर अफरातफरी का माहौल हो गया। कुछ देर के लिए यातायात ठप हो गया और जाम की स्थिति हो गई। ट्रक चालक देवेंद्र कुमार निवासी सिंहद्वार हरिद्वार ने किसी तरह ट्रक को सड़क के किनारे ले गया और पुलिस को सूचना दी। इस के बाद हर्रावाला पुलिस और अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंचा। नगर कोतवाल राकेश गुसांई ने बताया कि ट्रक पतंजलि हरिद्वार से सेलाकुई देहरादून जा रहा था। प्रथम दृष्टया वाहन का इंजन गरम होने से आग लगना माना जा रहा है। ट्रक में लदा गत्ता जलकर राख हो गया है। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।