ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश
रायवाला। रायवाला स्थित चंद्रबदनी कॉलोनी में हुई अर्चना चौहान की मौत फांसी लगने से हुई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। दूसरी ओर इस मामले में नामजद दो आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत से स्टे आर्डर ले आए हैं। जबकि पुलिस पहले ही आरोपी पति और सास ससुर को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की ओर से जांच के लिए बिसरा भी भेजा हुआ है।
बीते पांच अप्रैल को अर्चना चौहान की मौत हो गई थी। अर्चना के पिता की ओर से दी गई तहरीर में ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। इनमें से पुलिस पति, सास और ससुर को गिरफ्तार कर चुकी है, जोकि इस समय जेल में हैं। मामले की जांच कर रहे पुलिस क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि चिकित्सकों की ओर से पीएम रिपोर्ट में मौत की पुष्टि फांसी लगने से होना बताया गया है। अग्रिम जांच के लिए बिसरा भेजा हुआ है। उन्होंने बताया कि नामजद पांच आरोपियों में से तीन जेल में हैं, जबकि अन्य दो नामजद आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट से स्टे ले लिया है। वहीं अर्चना के पिता यशपाल सिंह नेगी ने अर्चना की मौत को हत्या बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।