17 और 18 मार्च को होली पर्व है। होली के रंगों में सरोबार होने के लिए तीर्थनगरी में पर्यटकों की भरमार होने जा रही हैं। तीर्थनगरी में संचालित होटल और हेंवलघाटी क्षेत्र में संचालित कैंपों में रिकॉर्ड तोड़ बुकिंग होनी शुरू हो गई है। होटल और कैंप फुल होने से कई पर्यटकों की बुकिंगें रद्द हो गई हैं। होली पर पर्यटकों की भीड़ देख होटल और कैंपिंग व्यवसायीयों के चेहरे खिल गए हैं।
कोरोनाकाल के चलते बीते दो वर्षों से होली पर तीर्थनगरी में मायूसी छायी हुई थी। कोरोना में थोड़ी राहत मिलने के बाद अब पर्यटक और सैलानी तीर्थनगरी की ओर रुख करने लग गए हैं। तपोवन, मुनिकीरेती, स्वर्गाश्रम, लक्ष्मणझूला के होटलों में ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो गई है। हेंवलघाटी क्षेत्र गरुड़चट्टी, मोहनचट्टी, बैरागढ़, रत्तापानी, बिजनी, नैल, शिवपुरी, क्यार्की आदि जगहों पर संचालित कैंपों में भी ऑनलाइन बुकिंग फुल हो गई है। राफ्टिंग का भी यही हाल है।
कैंप व्यवसायी जितेंद्र रावत ने बताया कि 17 और 18 मार्च को दो दिन कैंपों में पर्यटकों की रिकॉर्ड तोड़ भीड़ उमड़ने वाली है। कई की पर्यटकों ऑनलाइन बुकिंगें रद्द हो गई हैं। होटल व्यवसायी अनुसूया प्रसाद पांडेय ने बताया कि होटलों के भी यही हाल हैं। होली पर मुबंई, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंड़ीगढ़, राजस्थान आदि जगहों के पर्यटकों की ऑनलाइन बुकिंग हो गई है। बढ़ती भीड़ को देखकर लग रहा है कि तीर्थनगरी क्षेत्र में संचालित धर्मशालाएं भी पैक रहेंगे।