- ग्राम प्रधान शालिनी बिष्ट ने 5 नवंबर 2026 तक डीजे बंद रखने के जारी किए निर्देश
- देर रात तेज आवाज में डीजे बजाने और पटाखे फोड़ने से पढ़ाई हो रही थी प्रभावित
यमकेश्वर। विकासखंड यमकेश्वर की ग्राम पंचायत जोग्याणा ने स्कूली छात्र-छात्राओं की गृह परीक्षाओं को देखते हुए क्षेत्र के सभी कैंप और रिसॉर्ट संचालकों के लिए 5 नवंबर 2026 तक डीजे संचालन पूरी तरह बंद रखने के निर्देश जारी किए हैं। ग्राम प्रधान शालिनी बिष्ट ने यह आदेश जारी करते हुए कहा कि परीक्षा के दौरान बच्चों की पढ़ाई और एकाग्रता प्रभावित न हो, इसके लिए क्षेत्र में तेज आवाज में डीजे बजाने और पटाखे फोड़ने पर रोक जरूरी है।
ग्राम प्रधान शालिनी बिष्ट के अनुसार, वर्तमान में क्षेत्र के स्कूली छात्र-छात्राओं की गृह परीक्षाएं चल रही हैं, जो आगामी 5 नवंबर तक जारी रहेंगी। इसके बावजूद क्षेत्र के कुछ कैंप और रिसॉर्ट में देर रात तक तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा है और पटाखे फोड़े जा रहे हैं। इससे आसपास रहने वाले बच्चों की पढ़ाई में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। साथ ही परीक्षा की तैयारी और एकाग्रता पर भी इसका असर पड़ रहा है।
इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान ने क्षेत्र के सभी कैंप एवं रिसॉर्ट संचालकों को 5 नवंबर 2026 तक डीजे का संचालन पूर्ण रूप से बंद रखने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में ग्राम प्रधान की ओर से एसडीएम यमकेश्वर और कोतवाली लक्ष्मणझूला को भी पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
वहीं, कोतवाली लक्ष्मणझूला के प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी ने बताया कि नियमों के विरुद्ध डीजे संचालित करने वालों के खिलाफ पुलिस समय-समय पर कार्रवाई करती है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।