लक्ष्मणझूला-नीलकंठ मोटर मार्ग पर रत्तापानी के समीप सड़क पर आया मलबा।
- फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। टिहरी जिले के नरेंद्रनगर तहसील के जमोला क्षेत्र के काटल गांव में मंगलवार रात 10 बजे बादल फटने की घटना हुई। सुबह आठ बजे ग्रामीणों ने घटना की सूचना आपदा प्रबंधन मुख्यालय नई टिहरी, एसडीएम नरेंद्र नगर और राजस्व निरीक्षक जसोला उत्तम राणा को दी। सूचना के बाद प्रशासन के नाम पर केवल क्षेत्रीय पटवारी ही मौके पर पहुंचा, अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के गांव में न पहुंचने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
बादल फटने के कारण काटल गदेरा उफान पर आ गया था, बिजली के पोल और गांव की संपर्क रोड का काफी हिस्सा बह गया था। कई स्थानों पर ट्रांसफॉर्मर और बिजली के पोल बहने से काटल, नौडु, तिमली और चौक गांव में विद्युत आपूर्ति ठप है। चार गांव में करीब 2500 आबादी रहती है। गांव का शिवपुरी और ऋषिकेश से भी संपर्क कट गया है। बताया जा रहा है कि इन गांव के आसपास जंगल कैंप में चल रहे हैं, कुछ पर्यटक भी यहां फंस गए हैं। कुछ पर्यटक पैदल ही शिवपुरी तक पहुंचे, उसके बाद नेशनल हाईवे 58 होते हुए ऋषिकेश तक पहुंचे। शिवपुरी से काटल गांव की दूरी करीब 12 किलोमीटर है। स्थानीय निवासी राजवीर सिंह भंडारी, कुंवर सिंह, प्रेम सिंह, मोती सिंह,धर्म सिंह, विनोद सिंह,भगवान सिंह ने बताया कि इस घटना में कटल गांव के करीब 25 से 30 लोगों के खेत बह गए, कुछ लोगों के खेतों में खड़ी फसल पर सड़क का मलबा गिर गया। गांव में इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों के गांव ना पहुंचने पर ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
यमकेश्वर ब्लॉक अंतर्गत आपदा प्रभावित क्षेत्र बैरागढ़ गांव के समीप गदेरों में आया पानी ।- फोटो : RISHIKESH
शिवपुरी के काटल गांव में बादल फटने से आया पानी।- फोटो : RISHIKESH
शिवपुरी के काटल गांव में बादल फटने से आया मलबा।- फोटो : RISHIKESH
ऊफान पर आया काटल गांव का गदेरा।- फोटो : RISHIKESH