ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। गर्मी से निजात पाने को बड़ी संख्या में पर्यटक निजी वाहनों से तीर्थनगरी पहुंचे। इससे हरिद्वार, लक्ष्मण झूला और बाईपास रूट पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बढ़ गया। पूरे दिन वाहन रेंग कर चलते रहे। ट्रैफिक को चालू रखने में पुलिस को खासी मशक्कत करनी पड़ी। चार धाम यात्रा के साथ इन दिनों तीर्थनगरी में जाम की समस्या काफी बढ़ गई है। उत्तराखंड के चारो धामों का प्रथम पड़ाव तीर्थनगरी को माना जाता है। तीर्थयात्रियों के साथ गर्मी के दिनों में बड़ी संख्या में यहां पर्यटक राफ्टिंग, कैंपिंग, बंजी जंपिंग, पैराग्लाइडिंग का आनंद लेने अपने निजी वाहनों के साथ पहुंचते हैं। इससे कई बार हाईवे और बाईपास मार्गों पर भयानक जाम की समस्या पैदा हो जाती है।