ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश। उड़ान फाउंडेशन व श्रृंखला फाउंडेशन में तकनीकी शब्दावली की वर्णमाला का लोकार्पण किया गया। आने वाली पीढ़ी के लिए बनाई गई तकनीकी शब्दावली की पहली वर्णमाला का नगालैंड प्रदेश के राज्यपाल पीबी आचार्य ने लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल पीबी आचार्य ने कहा कि भारत तेजी से तकनीकी के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। आज की युवा पीढ़ी तकनीकी क्षेत्र में रोज नए आयाम हासिल कर रही हैं। ऐसे में तकनीकी शब्दावली की वर्णमाला छोटे बच्चों के लिए खासतौर से ज्ञानवर्धक सिद्ध होगी। वर्णमाला के संकलनकर्ता श्रृंखला फाउंडेशन के निदेशक विकास यादव ने बताया कि उनकी संस्था पिछले कुछ वर्षों से गरीब पृष्ठभूमि के बच्चों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य व स्वरोजगार को लेकर कार्य कर रही हैं।
उड़ान फाउंडेशन के निदेशक राजे नेगी ने कहा कि उड़ान फाउंडेशन की ओर से लोकभाषा वर्णमाला का प्रकाशन किया जा चुका है। अब नई पीढ़ी के नौनिहालों के लिए तकनीकी वर्णमाला प्रकाशित की जा रही है, इसके तहत छोटे बच्चों को कंप्यूटर व मोबाइल से जुड़े शब्दों का बोध आसानी से हो सकेगा। इस अवसर पर लोक गायक केसर सिंह पंवार, मीना राणा, उत्तराखंडी फिल्म अभिनेता बलदेव राणा, मोहन काला, उत्तम असवाल, महावीर नेगी, कमल सिंह राणा, अभय शर्मा, विकास रमोला आदि मौजूद थे।