अगर आप यह सोचते हैं कि बड़े ब्रांड ही शुद्घता की गारंटी हैं तो जरा ठहर जाइये। रिलायंस के दूध में भारी मिलावट है, जो आपको गंभीर बीमारियां दे सकती है। रिलायंस मिलावटी दूध अपने बड़े नाम के नीचे चुपचाप बेच रहा है और आप ठगे जा रहे हैं।
दूध के नमूने जांच में फेल पाए जाने पर रिलायंस कंपनी को एक लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ा। कंपनी की अपील खाद्य सुरक्षा आयुक्त ने खारिज कर दी। जुर्माना एडीएम कोर्ट में भरा गया।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी दिलीप जैन ने बताया कि नौ अक्तूबर 2012 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सलेमपुर स्थित योगेश कुमार की डेरी से रिलायंस कंपनी के दूध के नमूने भरे थे।
नमूनों को पहले जांच के लिए रुद्रपुर और बाद में पूना स्थित सेंट्रल लैब भेजा गया था। जांच में रिलायंस कंपनी के दूध के नमूने फेल पाए गए। इस पर कंपनी के खिलाफ तीन जनवरी 2012 को एडीएम की अदालत में मामला दर्ज किया गया।
छह दिसंबर 2012 को कंपनी पर कोर्ट ने एक लाख रुपये का जुर्माना ठोक दिया। बाद में कंपनी ने खाद्य सुरक्षा आयुक्त के पास अपील की लेकिन वहां कंपनी की अपील खारिज कर दी गई। मंगलवार को कंपनी ने एडीएम आलोक पांडे की अदालत में जुर्माना भर दिया है।