जंगल की आग और अचानक बढ़े पारे से गढ़वाल मंडल का विद्युत ग्रिड फेल हो गया। इससे दून समेत गढ़वाल मंडल में करीब दो घंटे से ज्यादा समय तक बत्ती गुल रही। बिजली गुल होने से गर्मी में पसीने से तरबतर लोगों की मुसीबत और बढ़ गई।
मंगलवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे पावर कॉरपोरेशन आफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) की 400 किलोवाट की ऋषिकेश-पुहाना लाइन में खराबी आ गई। इससे कई जगह विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
बिजली गुल होने पर गर्मी से परेशान उपभोक्ताओं ने उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) दफ्तरों के फोन घनघनाने शुरू कर दिए। यूपीसीएल और पिटकुल के इंजीनियरों ने ट्रेस किया तो पता लगा कि मोतीचूर के जंगलों में आग लगने के कारण लाइन ट्रिप हो गई है। 400 केवी ऋषिकेश-पुहाना लाइन के ट्रिप हो जाने के कारण दूसरी लाइनों पर अत्यधिक लोड बढ़ गया।