मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। चीन सीमा के लिए बन रही सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मुनस्यारी-मिलम सड़क का काम भारी बर्फबारी के कारण रुक गया है। इस सड़क का काम बीआरओ ने वर्ष 2008 में शुरू किया था। 65 किमी लंबी ये सड़क अब तक नहीं कट पाई है। वर्तमान में 16 किमी सड़क का निर्माण होना बाकी है। भारी बर्फबारी के कारण बीआरओ का लास्पा कैंप भी बर्फ से ढक गया है।
सामरिक महत्व की इस सड़क का निर्माण कार्य 2012 तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया था लेकिन 14 साल बाद भी करीब 50 प्रतिशत काम ही हो सका है। मुनस्यारी के धापा बैंड से चीन सीमा मिलम के लिए काटी जा रही यह सड़क सीमांत के गांवों और चीन सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। एबीसीआई कंपनी मुनस्यारी के धापा बैंड से मिलम की ओर करीब 22 किमी और मिलम से नीचे की ओर नहरदेवी पास तक लगभग 27 किमी सड़क काट चुकी है। अब बीआरओ को 16 किमी खतरनाक पहाड़ों को काटकर सड़क बनाना है। धापा मिलम मोटर मार्ग पर मिलम से बुगडियार के बीच बीआरओ स्वयं सड़क का निर्माण कार्य कर रही है। भारी बर्फबारी के कारण बीआरओ ने सड़क का कार्य रोक दिया है।
अब 2025 तक पूरा करना है सड़क का निर्माण
मुनस्यारी (पिथौरागढ़)। बीआरओ ने मुनस्यारी से धापा 65 किमी सड़क का निर्माण कार्य वर्ष 2008 में शुरू किया। बीआरओ को 2012 तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा करना था। इसके बाद 2016 फिर 2022 और अब 2025 तक का लक्ष्य दिया गया है। वर्ष 2025 में भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा होना मुश्किल है।