पिथौरागढ़। जिला अस्पताल पिथौरागढ़ में तैनात सर्जन पिछले कई दिनों से अवकाश पर हैं। उनके छुट्टी में जाने के कारण ऑपरेशन ठप हो गए हैं। रोगियों को छोटे-मोटे ऑपरेशन के लिए हल्द्वानी या अन्य शहरों की दौड़ लगानी पड़ रही है।
जिला अस्पताल में प्रतिदिन 300 से 400 की ओपीडी होती है। इस अस्पताल में जिले ही नहीं चंपावत और अल्मोड़ा जिले के सीमावर्ती गांवों के साथ ही पड़ोसी देश नेपाल से भी मरीज उपचार के लिए आते हैं। प्रतिदिन ऑपरेशन भी होते हैं, इसके बावजूद यहां एक ही सर्जन तैनात हैं। जिला अस्पताल में सेवाएं दे रहे एकमात्र सर्जन भी पिछले 14 दिन से मेडिकल अवकाश पर हैं। इस कारण अस्पताल में सामान्य ऑपरेशन पूरी तरह से बंद हो गए हैं। रोगी छोटे-मोटे ऑपरेशन कराने के लिए मजबूरन हल्द्वानी की दौड़ लगा रहे हैं। इससे उनकी जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। पूर्व जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने जिला अस्पताल में एक और सर्जन को तैनात करने की मांग की है, जिससे रोगियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
जिला अस्पताल में तैनत सर्जन मेडिकल अवकाश पर हैं। इस कारण जनरल सर्जरी नहीं हो पा रही है। अवकाश पूरे होते ही सर्जन आ जाएंगे। - डॉ. केसी पीएमएस, जिला अस्पताल पिथौरागढ़।