पाटी (चंपावत)। छिनकाछिना-रौलमेल सड़क के डामरीकरण की मांग को लेकर आठ गांवों के ग्रामीण मुखर हो गए हैं। क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति और तहसीलदार के बीच बैठक बेनतीजा रही। ग्रामीणों ने छिनकाछिना-रौलमेल सड़क का डामरीकरण न होने पर लोकसभा चुनाव के बहिष्कार का एलान कर दिया है।
तहसीलदार बलवंत सिंह कठायत ने क्षेत्रीय संघर्ष समिति की बैठक ली। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री के सड़क स्वीकृति की घोषणा के बाद भी अब तक वित्तीय स्वीकृति नहीं मिल सकी है। ग्रामीणों को मुख्यालय पहुंचने में आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क को वित्तीय स्वीकृति नहीं मिलती है तो रौलामेल, लखनपुर, नैनी, किमाड़ी, बरौला, पम्तोला, रानीचौड़ा और तोली गांव के लोग लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे।
इधर तहसीलदार ने बताया कि मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी है। ग्रामीणों से दोबारा बात की जाएगी। बैठक में संघर्ष समिति के अध्यक्ष पीतांबर गहतोड़ी, प्रधान आशा देवी, गोविंद पचौली, सुंदर लडवाल, परमानंद गहतोड़ी, घनश्याम पचौली, महेश गहतोड़ी, हरिनंदन गहतोड़ी, कृष्णानंद गहतोड़ी, आनंद बल्लभ, दीपक चंद्र आदि मौजूद रहे। संवाद