ग्रामीणों ने सड़क और शिक्षकों की मांग पर किया प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पिथौरागढ़ के कनार के ग्रामीणों ने बुधवार को जिला मुख्यालय पहुंचकर सड़क, विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। डीएम रीना जोशी को सौंपे ज्ञापन मेें कहा कि सड़क न होने से बीमार अस्पताल पहुंंचने से पहले ही दम तोड़ रहे हैं। कहा कि वे आज भी आदि मानवों की तरह जीवन जीने के लिए मजबूर हैं।
कनार के प्रधान महेंद्र सिंह परिहार ने कहा कि आजादी के सात दशक बाद भी उनके गांव तक सड़क नहीं पहुंच सकी है। उन्हें सड़क तक पहुंचने के लिए 16 किमी पैदल चलना पड़ रहा है। बीमार और गर्भवतियों को डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ रहा है। गांव का उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दो शिक्षकों के भरोसे है। गणित, सामाजिक विज्ञान, अंग्रेजी विषय के शिक्षकों के पद रिक्त हैं। बच्चों के भविष्य की चिंता में अभिभावक पलायन के लिए मजबूर हैं।
ये पढ़ें- Pithoragarh Protest: आरक्षण को लेकर संयुक्त संयोजन समिति ने किया प्रदर्शन, जमकर किया हंगामा
उन्होंने कहा कि गांव के सबसे बड़े तोक गेगई के लोग 22 किमी दुर्गम रास्तों से ग्राम पंचायत की खुली बैठक में पहुंचते हैं। इस तोक में गांव की 40 फीसदी आबादी निवास करती है। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी देने वालों में भरत सिंह, जगत सिंह, डिगर सिंह, पुष्कर सिंह, विक्रम सिंह, केदार सिंह, राजेंद्र सिंह, प्रशांत सिंह, चंद्र प्रकाश आदि रहे।