कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा- पिथौरागढ़ संसदीय क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप टम्टा के प्रत्याशी चुने जाने के बाद पहली बार पिथौरागढ़ पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जोश भरा। इस दौरान उन्होंने पत्रकार वार्ता कर सांसद अजय टम्टा और केंद्र सरकार पर जमकर प्रहार किए।
शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में हुई पत्रकार वार्ता में कांग्रेस उम्मीद्वार प्रदीप टम्टा ने कहा कि वर्ष 2024 को लोकसभा चुनाव भारतीय लोकतंत्र का भविष्य करेगा। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के बाद या लोकतंत्र रहेगा या तानाशाही रहेगी। उन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड का खुलासा हुआ है। जिससे साफ पता चलता है कि या तो हमारे साथ खड़े रहो। वरना किसी की दुकान, राजनीति को नहीं चलने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कांग्रेस सरकार ने उत्तराखंड को ग्रीन बोनस देने की उनकी मांग को स्वीकृति दी थी, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे कूड़ेदान में डाल दिया।
भाजपा ने उत्तराखंड की सैन्य परंपरा और देश की सुरक्षा व्यवस्था के साथ अग्निवीर योजना लाकर खिलवाड़ किया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर इस योजना को समाप्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि 10 साल में टनकपुर- बागेश्वर रेल लाइन निर्माण का मुद्दा भाजपा सरकार ने आगे नहीं बढ़ाया। चीन सीमा की दूरी को कम करने के लिए बनाई जा रही टनकपुर-जौलजीबी सड़क निर्माण को भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया। आज पर्वतीय खेती समाप्त होने को है हिमालयी राज्यों से हो रहा पलायन सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है।
ये पढ़ें-
CM Dhami: जसपुर में सीएम पुष्कर सिंह, लाभार्थी सम्मान समारोह में किया प्रतिभाग; विकास कार्यों का लोकार्पण किया
भाजपा की जन विरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे
कांग्रेस कार्यालय में हुई बैठक में सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया। इस दौरान कांग्रेस विधायक मयूख महर ने कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जन विरोधी नितियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। बैठक में जिलाध्यक्ष अंजू लुंठी, महिला जिलाध्यक्ष भावना नगरकोटी, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र लुंठी, पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पंत, त्रिलोक महर, पूर्व प्रमुख प्रशांत पाटनी, युकां जिलाध्यक्ष अभिषेक बोहरा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।