पिथौरागढ़। बेरोजगार संगठन ने ऑनलाइन बाजार के विरोध में मुहिम शुरू की है। संगठन के पदाधिकारियों ने इसके विरोध में पर्चे बांटकर लोगों और व्यापारियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बाजार से स्थानीय कारोबार चौपट हो गया है इससे बेरोजगारी बढ़ गई है।
शुक्रवार को बेरोजगार संगठन के अध्यक्ष हिमांशु गड़कोटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर में लोगों और व्यापारियों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन बाजार ने स्थानीय बाजार को मंदा कर दिया है। स्थानीय कारोबारी बेरोजगार हो गए हैं। उनके लिए दुकान का किराया, बैंक की किस्त और घर का खर्च निकालना भी मुश्किल हो गया है। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अगले कुछ दिनों में संगठन दिल्ली में ऑनलाइन बाजार के विरोध में धरना देगा। स्थानीय कारोबारियों ने ऑनलाइन बाजार के विरोध में उनकी मुहिम को समर्थन दिया है। इस मौके पर हिमांशु जोशी, बृजेश खत्री, सूरज बिष्ट, प्रकाश सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे। संवाद