सड़क निर्माण का काम रुकवाने पहुंचे खोतिला गांव के लोग
- फोटो : अमर उजाला
व्यांसनगर खोतिला को जोड़ने के लिए 6 किमी दूर तपोवन से हो रहे मोटर मार्ग का निर्माण कार्य बृहस्पतिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने रुकवा दिया है। बार-बार विरोध के बावजूद फिर से तपोवन से ही कार्य शुरू करने से लोग नाराज हैं। गांव के लोगों का कहना है कि धारचूला से व्यांसनगर खोतिला की दूरी मात्र 800 मीटर है, लेकिन 6 किलोमीटर दूर से सड़क बनाकर लोगों की परेशानी बढ़ाई जा रही है।
ग्रामीणों के नेतृत्व कर रहे भाजपा नेता महेंद्र बुदियाल ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य मंजुला बुदियाल ने स्वयं देहरादून जाकर व्यांसनगर खोतिला मार्ग की मांग की और इस्टीमेट बनवाकर कार्य स्वीकृत कराया, ताकि खोतिला के 350 जनजाति, 38 अनुसूचित जाति एवं 54 सामान्य वर्ग के गरीब परिवारों को मोटर मार्ग का लाभ मिल सके, मगर योजना में गोलमाल कर इस सड़क के औचित्य को ही समाप्त कर दिया है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पांच दिन में पूर्व में प्रस्तावित स्थल से मोटर मार्ग का काम शुरू नहीं किया गया तो 7 अक्तूबर से राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाया जाएगा।
काम रोकते समय हयात नबियाल, विजय गर्ब्याल, कृष्ण नपलच्याल, रमेश बुदियाल, जैक बुदियाल, मुन्नी देवी, लक्ष्मी देवी, जस्सू देवी, घनारी देवी अनीता देवी, जानकी देवी सहित कई लोग उपस्थित थे। इधर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एबी कांडपाल ने लोगों के विरोध के बाद कहा कि सड़क को पुराने सर्वे के अनुसार बनाने का विकल्प भी रखा गया है। यह बात अलग है कि 800 मीटर की दूरी वाले स्थान से रोड बनाने पर भूस्खलन का खतरा रहेगा।