विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला
- फोटो : अमर उजाला
आठ महीने बाद भी प्रथम सेमेस्टर की बैक परीक्षाएं न कराए जाने से नाराज लक्ष्मण सिंह महर परिसर के विद्यार्थियों ने बुधवार को उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया। बाद में विद्यार्थियों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर एसएसजे विश्वविद्यालय प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रबंधन की यह लापरवाही विद्यार्थियों पर भारी पड़ रही है।
छात्र नेताओं ने कहा कि विश्वविद्यालय की तरफ से बैक परीक्षाएं समय पर नहीं कराई जा रही हैं। प्रथम सेमेस्टर की बैक परीक्षाएं जनवरी महीने में होनी थी जो अब तक नहीं हो सकी हैं। वहीं द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षाओं का समय मई महीने में तय था। तीन महीने बीतने के बाद भी परीक्षा आयोजित नहीं की गई है। कई बार विश्वविद्यालय प्रबंधन और उच्च शिक्षा निदेशालय से समय पर परीक्षाएं कराने की मांग की गई, लेकिन मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। चेतावनी देते हुए कहा कि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।