मनोज कठायत। निवासी पैय्यापोड़ी धारचूला( फाइल)
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। सेना में तैनात पय्यापौड़ी निवासी जवान की दुर्घटना में मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पिथौरागढ़ भेज दिया है। जवान की मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से पय्यापौड़ी के कांडाधार निवासी मनोज सिंह कठायत (32) एनएसजी उदयपुर राजस्थान में तैनात थे। वह इन दिनों अवकाश पर घर आए थे। मंगलवार को ससुराल में आयोजित पूजा में शामिल होने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से जा रहे थे।
इसी दौरान बलुवाकोट और जौलजीबी के बीच उनकी मोटरसाइकिल नेशनल हाइवे के निर्माण कार्य में लगी बीआरओ की जेसीबी से टकरा गई। सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद बलुवाकोट थाने से पुलिस मौके पर पहुंची।
घटनास्थल पर पहुंचे बलुवाकोट के थाना अध्यक्ष अशोक धनकड़ ने बताया कि मनोज जौलजीबी से पिथौरागढ़ की ओर जा रहा था। इस मामले में मृतक जवान के परिजनों की ओर से फिलहाल कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
उन्होंने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद मृतक के पिता पूर्व सैनिक त्रिलोक सिंह कठायत, पत्नी दीपा कठायत और सात साल के मासूम बेटे अंशु कठायत का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी परिजन गहरे सदमे में हैं।
धारचूला के ब्लॉक प्रमुख धन सिंह धामी, नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वरी देवी, बीडीसी सदस्य पुष्कर के साथ ही तमाम जनप्रतिनिधियों ने जवान की मौत पर दुख प्रकट कर श्रद्धांजलि अर्पित की है। पूर्व सैनिक संगठन बलुवाकोट के चंचल सिंह ऐरी सहित सभी पदाधिकारियों ने जवान के आकस्मिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।