बेड़ीनाग में राजीव गांधी अभिनव विद्यालय के विलय का विरोध करते अभिभावक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : PITHORAGARH
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। राजीव गांधी अभिनव आवासीय विद्यालय बेड़ीनाग को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में विलय करने का अभिभावकों ने विरोध किया है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा किया गया तो समस्त क्षेत्रवासी आंदोलन करेंगे।
शिक्षक अभिभावक संघ (पीटीए) के अध्यक्ष किशन लाल शाह के नेतृत्व में लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ तहसील में प्रदर्शन किया। अभिभावकों ने बताया कि इस विद्यालय में क्षेत्र के 143 विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा, आवास, भोजन मिल रहा है। इसके बावजूद पिछले दिनों शासन ने राजीव अभिनव आवासीय विद्यालय को जीआईसी में मिलाने का निर्णय लिया है। इससे उनके बच्चों और विद्यालय के शिक्षकों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। विलय के गरीब बच्चों से सुविधाएं छिनने की आशंका जता अभिभावकों ने कहा कि किसी भी हालत में स्कूल का विलय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर जल्द फैसला वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में भगवान महरा, ललित मोहन, भूपाल सिंह, दरपान सिंह, बबीता कार्की, कमला, हंसा, दीपा, अनीता, कमला, नीमा, मंजू, रेखा, गोविंदी आदि शामिल रहे।