नाचनी (पिथौरागढ़)। तहसील मुख्यालय तेजम में एसबीआई का एटीएम दो माह से खराब है। एटीएम खराब होने से क्षेत्र के 18 गांवों के अलावा मुनस्यारी आने-जाने वाले पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र के जनप्रतिनिधि कई बार बैंक के अधिकारियों को एटीएम ठीक करने का अनुरोध कर चुके हैं लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हो रही है। प्रधान गजराज रावत, पूर्व प्रधान हरीश रावत, कमला देवी, रिटायर्ड कैप्टन राम सिंह रावत ने एसबीआई की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए जनता के साथ अनदेखी करने का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि एटीएम खराब होने से वरिष्ठ पेंशन धारक नागरिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा है कि एक सप्ताह के भीतर एटीएम सेवा ठीक नहीं हुई तो जनता बैंक के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे। संवाद