विभिन्न मांगों को लेकर सचिवालय कूच करने देहरादून पहुंचे पिथौरागढ़ के एनएचएम कर्मी।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़/चंपावत। समान कार्य के लिए समान वेतन समेत नौ सूत्री मांगों के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) संविदा कर्मचारी संघ ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सोमवार से दो दिनी कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। इनमें से कई कर्मी राज्य स्थापना दिवस पर सचिवालय कूच करेंगे।
पिथौरागढ़ के एनएचएम कर्मी चंदन पंवार के नेतृत्व में देहरादून गए। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में काम करने वाले एनएचएम कर्मियों को सरकारी कर्मचारियों की भांति सुविधाएं और भत्ते देने की मांग की। इनमें योगेश पंत, चंदन बिष्ट, पंकज अवस्थी, मोहित पंत, गंभीर सिंह मेहता, कृष्णानंद चौसाली आदि रहे।
वहीं चंपावत के एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ ने पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत सोमवार से दो दिनी कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। चंपावत जिले के 132 एनएचएम संविदा कर्मियों ने कार्य बहिष्कार में शिरकत की।
42 कर्मचारियों ने जहां सचिवालय कूच और धरना प्रदर्शन में प्रतिभाग किया, वहीं शेष 90 कर्मियों ने अपनी अपनी इकाइयों में कार्य बहिष्कार किया। संघ के जिलाध्यक्ष प्रेमबल्लभ भट्ट ने बताया कि राज्य स्थापना दिवस से एक दिन पूर्व सचिवालय कूच कर ब्यूरोक्रेसी को जगाया गया है।
जिला संरक्षक संजय पांडेय ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर सोमवार को चंपावत के सभी चार विकासखंडों की सभी चिकित्सा इकाइयों में एनएचम संविदा कर्मी कार्यबहिष्कार पर रहे, जिसका व्यापक असर रहा।