टनकपुर (चंपावत)। प्रदेश सरकार की ओर से पहाड़ में खेती को बढ़ावा देकर पलायन रोकने और रिवर्स पलायन के लिए आपसी सुलह-सहमति से चकबंदी का प्रयास तेज होने लगे हैं। इसके लिए प्रशासन की ओर से पिछले कई दिनों से ब्लॉक के तहत चिह्नित खर्रागुंठ टाक गांव के भूमि के हकदारों को चकबंदी के लिए सहमति के प्रयास शुरू हो गए हैं। गैर आबाद इस गांव में मां पूर्णागिरि के पुजारी परिवारों के नाम भूमि है। एसडीएम के समक्ष अनेक लोगों ने चकबंदी पर सहमति दी। प्रशासन ने पटवारी को संबंधित सभी पक्षों से अनापत्ति के निर्धारित प्रपत्र को भराने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को एसडीएम प्रमोद कुमार ने चकबंदी के लिए चिह्नित करने को खर्रागुंठ टाक के भूमि के हकदारों की बैठक ली। ग्रामीणों ने कहा कि इसमें कुछ भूमि सभी की साझी भी है।
एसडीएम ने ग्रामीणों से कहा कि रिकॉर्ड में जिन लोगों के नाम पर भूमि है वो आपसी सहमति से एक साथ चकबंदी कर सकते हैं। अलग-अलग बिखरी भूमि एक होगी तो भविष्य में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने पर संबंधित को लाभ होगा।
मां पूर्णागिरि मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन पांडेय, पूर्व अध्यक्ष किशन तिवारी ने भी इस मामले में अपने विचार रखे। चकबंदी के लिए अनेक ग्रामीणों ने सहमति दी। इस बीच कालीगुंठ के प्रधान पंकज तिवारी के नेतृत्व में अंबादत्त तिवारी समेत कई लोगों ने चकबंदी की सहमति देते हुए ज्ञापन सौंपा।
इसमें कहा कि खर्रागुंठ टाक में चकबंदी होना अति आवश्यक है। गोल खाते की भूमि होने के कारण ग्रामीणों में आपस में विवाद की स्थिति बनी रहती है। लोग को अपनी भूमि में कृषि कार्य करने में भी परेशानी होती है। भूमिधर चकबंदी के लिए सहमत हैं। किसी भी ग्रामीण को कोई आपत्ति नहीं है।
एसडीएम ने बताया कि संबंधित पटवारी को सभी ग्रामीणों से सहमति के लिए प्रपत्र भराने की कार्रवाई के निर्देश दे दिए हैं। यहां शंकर तिवारी, दुर्गादत्त तिवारी, नेत्र बल्लभ तिवारी, प्रकाश तिवारी, मंदिर समिति उपाध्यक्ष नंदा बल्लभ तिवारी, कोषाध्यक्ष गिरीश तिवारी, सचिव सुरेश तिवारी, रमेश तिवारी, तहसीलदार पिंकी आर्या आदि ग्रामीण मौजूद थे।