पिथौरागढ़। ओम पर्वत, आदि कैलाश सहित उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्थित अन्य आध्यात्मिक पर्यटक स्थलों में फैला कूड़ा जल्द उठेगा और यहां सफाई होगी। भारतीय पर्वतारोहण संस्थान के साथ ही सुलभ इंटरनेशनल और आईस संस्था का दल सफाई अभियान चलाने के लिए उच्च हिमालयी क्षेत्रों में रवाना हुआ। इसे एडीएम डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
बृहस्पतिवार को उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सफाई अभियान के लिए दल रवाना हुआ। इसमें पर्वतारोही बासू पांडे, शुभम पार्की, राहुल भट्ट, एवरेस्ट विजेता मनीष कसनियाल, नरेंद्र सिंह, अभिषेक भंडारी, तनुजा चुफाल, पल्लवी खर्कवाल, हरियाणा के विकास, आसाम के मनोज शामिल हैं। 12 सदस्यीय दल ओम पर्वत, आदि कैलाश सहित अन्य धार्मिक पर्यटक स्थलों की सफाई करेगा। 23 अक्तूबर तक यह दल इन धार्मिक पर्यटक स्थलों में फैले प्लास्टिक सहित अन्य कूड़े को एकत्र करेंगे। स्थानीय लोगों को सफाई के लिए भी जागरूक किया जाएगा। दल का नेतृत्व कर रहे प्रसिद्ध पर्वतारोही पुरमल सिंह धर्मशक्तू ने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटक स्थलों की सफाई होने से यहां के पर्यावरण को संरक्षित किया जा सकेगा।