पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ क्षेत्र के 668 मतदान अधिकारी और 33 जोनल सेक्टर अधिकारियों को एलएसएम परिसर में द्वितीय सैद्धांतिक, इवीएम वीवीपैट का प्रशिक्षण दिया गया। नोडल अधिकारी ने अधिकारियों को पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ दिए गए दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
सीडीओ एवं नोडल अधिकारी नंदन कुमार ने कहा कि सभी को व्यापक स्तर पर प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकार एवं कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी से लेकर उन्हें संबंधित बूथों पर पहुंचने, मतदान संपन्न कराने के साथ-साथ ईवीएम एवं वीवीपैट जमा करने तक सेक्टर मजिस्ट्रेट गंभीरतापूर्वक सक्रिय रहेंगे। ईवीएम जमा होने के बाद संबंधित रिटर्निंग ऑफिसरों की अनुमति से ही सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट वापस जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस अवधि में किसी भी अधिकारी का फोन बंद नहीं होना चाहिए।
मास्टर ट्रेनरों ने मतदान सामग्री प्राप्त करने के तरीके, मतदान से पूर्व बूथ पर की जाने वाली कार्यवाही, मतदान शुरू करने, मतदान समाप्ति सहित संपूर्ण मतदान प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी दी। वहां डीईओ माध्यमिक हवलदार प्रसाद, विनोद बसेड़ा, दीपक मेहरा, करण थापा और नीरज जोशी ने भी जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेट, मतदान कार्मिकों को जरूरी जानकारियां दीं। संवाद