पिथौरागढ़ जनपद के लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के उद्देश्य से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा धोखा दे गई। यात्री नैनीसैनी एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे लेकिन हेलीकॉप्टर नहीं पहुंचा। घंटों इंतजार के बाद उन्हें हेलीकॉप्टर सेवा कैंसिल होने की जानकारी देकर औपचारिकता निभा दी गई। ऐसे में यात्रियों को यहां से निराश होकर लौटते हुए टैक्सी और बस से सफर करना पड़ा।
सीमांत जिले में बेहतर एयर कनेक्टिविटी और यात्रियों की सुगम आवाजाही के दावे कर पिथौरागढ़ से हल्द्वानी, पंतनगर, देहरादून रूट पर हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की गई है। आसान सफर की उम्मीद में यात्रियों ने हेलीकॉप्टर की बुकिंग कर यात्री शनिवार को नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचे। घंटों इंंतजार के बाद भी हेलीकॉप्टर यहां नहीं पहुंचा। काफी समय बीतने के बाद जब यात्रियों ने संबंधित कंपनी के अधिकारियों से कारण पूछा तो उन्हें तकनीकी दिक्कत का हवाला देकर बुकिंग कैंसिल की जानकारी देकर जिम्मेदारी से पूरी तरह पल्ला झाड़ लिया गया।
निराश यात्री एयरपोर्ट से बाहर निकले और टैक्सी, बस से उन्हें गंतव्य को रवाना होना पड़ा। यात्रियों ने कहा आए दिन हेलीकॉप्टर सेवा धोखा दे रही है। ऐसे में इस पर भरोसा नहीं किया जा सकता। एयर कनेक्टिविटी के नाम पर सीमांत के लोगों को हमेशा से छला जा रहा है।
88 वर्षीय बूढ़ी मां के साथ निराश लौटे गिरीश
तकनीकी कारणों से हेलीकॉप्टर सेवा स्थगित रही। सोमवार या मंगलवार से सेवा संचालित होगी।
- विनोद गोस्वामी, डीएम, पिथौरागढ़।