होमवर्क न करने से गुस्साए पब्लिक स्कूल के शिक्षक ने छात्र को बेरहमी से पीट दिया। आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को डंडे के साथ ही लात-घूंसों से भी पीटा। छात्र की पिटाई के बाद अभिभावक भड़क उठे। उन्होंने कोतवाली में शिक्षक के खिलाफ प्रदर्शन किया। आरोपी शिक्षक के खिलाफ मारपीट की तहरीर पुलिस को सौंपी गई है।
बृहस्पतिवार शाम पीड़ित छात्र के पिता और अन्य संबंधियों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोतवाली में प्रदर्शन किया। इसके साथ ही नामजद तहरीर भी दी। छात्र के पिता अजय जंग ने बताया कि बेटा अभय पब्लिक स्कूल में 11वीं का छात्र है। कामर्स के शिक्षक ने पिछले दिन का होमवर्क न करने पर बेटे की पिटाई की, जबकि बुधवार को अभय स्कूल ही नहीं गया था। छात्र ने शिक्षक को छुट्टी की जानकारी देने के साथ ही पिटाई का विरोध किया तो शिक्षक और भड़क उठा।
आरोप है कि शिक्षक ने छात्र को डंडे के साथ ही लात-घूंसों से बुरी तरह पीटा। पिटाई से छात्र को अंदरूनी चोट आई है। पिटाई से भड़के अभिभावकों ने शिक्षक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। छात्र के पिता ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।