पिथौरागढ़। सीमांत जिले में अब ट्रामा सेंटर का निर्माण नहीं होगा। इस प्रस्ताव पर शासन ने पूरी तरह ब्रेक लगा दिया है। अब इसकी जगह क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) स्थापित होगी जहां दुर्घटना में घायल गंभीर मरीजों को उपचार मिलेगा। बेस अस्पताल में इसका निर्माण किया जाएगा।
विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच बसे सीमांत और दुर्गम जिले में ट्रामा सेंटर की मांग लंबे समय से की जा रही है। बाकायदा इसकी घोषणा भी हुई और इसे जल्द धरातल पर उतारने के दावे भी किए गए ताकि दुर्घटनाओं में गंभीर रूप से घायलों का उपचार कर उनकी जान बचाई जा सके।
अब तक ट्रामा सेंटर के निर्माण के प्रयास नहीं हुए। अब इसके अस्तित्व में आने की उम्मीद पर भी पूरी तरह ब्रेक लग गया है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक ट्रामा सेंटर को अब मंजूरी नहीं मिलेगी। इसकी जगह बेस अस्पताल में सीसीयू स्थापित होने पर दुर्घटना में घायलों का उपचार होगा।
सीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी का कहना है कि अब जिले में ट्रामा सेंटर का निर्माण नहीं होगा। इसकी जगह सीसीयू अस्तित्व में आएगी, शासन स्तर पर यह निर्णय लिया गया है। बेस अस्पताल में यूनिट स्थापित होगी।
-
सीसीयू के लिए विशेषज्ञों की नियुक्ति चुनौती
पिथौरागढ़। बेस अस्पताल में बनने वाले क्रिटिकल केयर यूनिट के संचालन की जिम्मेदारी चिकित्सा शिक्षा विभाग की होगी। इसके संचालन के लिए विभाग को विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ तकनीशियनों की तैनाती करनी होगी। दो साल में चार बार साक्षात्कार के बाद भी बेस अस्पताल में सिर्फ दो विशेषज्ञों की तैनाती हो सकी है। विशेषज्ञों के 35 से अधिक पद अब भी रिक्त हैं। ऐसे में सीसीयू के लिए विशेषज्ञ जुटाना विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा। संवाद
कोट
- बेस अस्पताल में सीसीयू का निर्माण होगा। इसके लिए भवन तैयार किया जा रहा है। इसके अस्तित्व में आने के बाद दुर्घटना में गंभीर रूप से घायलों को बेहतर उपचार मिलेगा। - डॉ. अजय आर्य, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज, पिथौरागढ़।