धारचूला के एलाधार में भारी बारिश से सड़क पर आया मलबा।
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला(पिथौरागढ़)। टनकपुर-तवाघाट एनएच एलधारा के पास भारी मलबा आने से बंद चल है। मलबा अधिक होने के कारण बीआरओ की टीम को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बारिश के कारण तड़कोट, एलाधार और मल्ली बाजार के 20 घर खतरे की जद में हैं। नगरपालिका ने तड़कोट एलाधार में 12 मकानों को खाली करने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार देर रात एलाधार के पास भारी मलबा आने से बंद टनकपुर तवाघाट एनएच के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंसे हैं। सड़क बंद होने के कारण एनएचपीसी के कर्मचारी भी पैदल ही अपने कार्यालय तपोवन पहुंचे। एलधारा के पास रहने वाले दिनेश गुंज्याल, डीगर दानू, त्रिलोक दानू और खड़क सिंह दानू ने बताया कि पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश होने से सड़क में लगातार मलबा आ रहा है। लोग रात में जागकर घरों की निगरानी कर रहे हैं। मलबा आने से एलधारा का प्राकृतिक स्रोत को भी नुकसान पहुंचा है। मदन सिंह और खिमली देवी के घरों में भी मलबा आने से नुकसान हुआ है। दिनेश गुंज्याल ने बताया कि सड़क किनारे बने सुरक्षा जाली के कारण मलबा मल्ली बाजार नहीं पहुंचा। नहीं तो बड़ा नुकसान हो सकता था। सूचना पर नगर पालिका अध्यक्ष राजेश्वरी देवी, सहायक अमितोष दयाल, राजस्व उपनिरीक्षक हुकुम सिंह धामी नुकसान का जायजा लिया। लगातार हो रही बारिश से तड़कोट के एलधारा और मल्ली बाजार के 20 से ज्यादा घरों को खतरा बना हुआ है।
हरड़िया में 60 मीटर सड़क मलबे से पटी
नाचनी(पिथौरागढ़)। मूसलाधार बारिश से हरड़िया में लगातार भूस्खलन हो रहा है। बृहस्पतिवार सुबह भूस्खलन से थल मुनस्यारी सड़क 60 मीटर में मलबे और बोल्डर पट गई। लोगों को आवाजाही के लिए एक किमी की खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ रही है। बुधवार रात नौ बजे से 18 घंटे सड़क बंद सड़क तीन बजे हल्के वाहनों के लिए खुली। नया बस्ती पेयजल योजना के भूस्खलन की चपेट में आने से 12 परिवारों को पेयजल किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। नारायण राम ने प्रशासन से पेयजल लाइन को शीघ्र ठीक करने की मांग की है। लोनिवि के जेई कृष्णा पिपलिया ने बताया कि हरड़िया नाले के बेलीब्रिज में हल्के वाहनों को ही आने जाने दिया जा रहा है। तेज बारिश से भारी वाहनों की अस्थायी सड़क में नाले का प्रवाह बढ़ने से वाहन भारी वाहन नहीं जा पा रहे हैं।