मूनाकोट (पिथौरागढ़)। अशोकनगर बेलतड़ी मोटर मार्ग पर निर्माण पूरा न होने से गुस्साए ग्रामीणों ने चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी है। सड़क स्वीकृत होने के 12 वर्ष बीतने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा न होने से गुस्साए 14 गांवों के लोग 20 सितंबर से उग्र आंदोलन करेंगे।
बुधवार को ग्रामीणों ने बैठक कर सड़क निर्माण पूरा न होने पर चुनाव बहिष्कार की रणनीति बनाई। सामाजिक कार्यकर्ता दयाकिशन भट्ट ने बताया कि 2022 के चुनाव से पहले सड़क का काम शुरू नहीं होता तो इन गांवों के लोग वोट नहीं देंगे।
लोगों का कहना है कि वर्ष 2004-05 में लोनिवि ने अशोकनगर से भाटीगांव होकर क्वारबन तक सड़क निर्माण का काम शुरू किया। 10 किमी लंबी सड़क पर सौनगांव तक डामरीकरण और भाटीगांव तक सड़क कटिंग का कार्य हो चुका है। भाटीगांव से बेलतड़ी तक सड़क पहले से स्वीकृत है।
क्वारबन के लिए धारी होकर बन रही सड़क पर काम चल रहा है। इतने समय बाद भी सड़क का काम पूरा न होने से सैन्य बहुल क्षेत्र की पांच हजार की आबादी पैदल चलने के लिए मजबूर है।
अशोकनगर, बिलाई, सौनगांव, बिजुरकांडा, भाटीगांव, खोली, बेलतड़ी, दिगारा, हरतोला, रौलियागांव, क्वारबन, सागर, बनरिया, किमखोला गांवों के लोगों ने बैठक कर सड़क के बचे हिस्से का काम शीघ्र शुरू न होने पर 20 सितंबर से उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। वहां पूजा बोहरा, बबली मेहता, कैप्टन तारा दत्त भट्ट, ललित भट्ट, दयाकिशन, जीवानंद आदि थे।