गलाती-रमतोली सड़क में बनाया गया पुल।
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला (पिथौरागढ़)। पीएमजीएसवाई खंड ने गलाती-रमतोली सड़क पर 36 मीटर स्पान स्टील ट्रस पुल का निर्माण पूरा कर लिया है। विभाग एक सप्ताह में इस पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू कर देगा।
गलाती और रमतोली ग्राम पंचायत आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील हैं। हर बरसात में इन गांव के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पुल बनने के बाद लोगों की काफी दिक्कतें दूर हो जाएंगी। पुल के बनने से मरीजों और गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचने में आसानी होगी। स्थानीय फल सब्जियां, घी को बाजार पहुंचाने में भी आसानी होगी। ग्राम पंचायत गलाती के ग्राम प्रधान हेमा देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य नंदा धामी, देवेंद्र सिंह ने सड़क और डामरीकरण कार्य पूरा करने के लिए सरकार और विभाग का जताया है।
ग्रामीणों ने बताया कि गलाती गाड़ में पुल वाले स्थान पर बरसात में लकड़ी के चार, पांच पुल बह जाते थे। अब लोगों को यहां पर अस्थायी पुल बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पुल बनने से क्षेत्र की पांच हजार से अधिक की आबादी को लाभ मिलेगा। सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र बिष्ट और महेंद्र धामी ने बताया कि सड़क और डामरीकरण का कार्य विभाग ने कुछ माह पूर्व कर दिया था। अब पुल भी तैयार हो गया है। इससे ग्रामीणों को काफी सुविधाएं मिलेंगी।
गलाती-रमतोली धामी सड़क 8.5 किमी लंबी है। इसकी लागत 5.30 करोड़ रुपये है। यह सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई गई है, जिसमें डामरीकरण कर लिया गया है। 36 मीटर लंबे स्टील ट्रस का कार्य भी एक साल से कम समय में पूरा कर दिया है। एस सप्ताह बाद पुल से वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। - किशन सिंह ऐरी, प्रभारी ईई, पीएमजीएसवाई खंड, धारचूला।