कोरोना की तीसरी लहर को रोकने के लिए अधिकारियों के साथ बैठक करते डीएम।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका और डेल्टा वेरियंट को फैलने से रोकने के लिए डीएम ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। डीएम ने जिले में कोरोना की तीसरी लहर के प्रसार को रोकने के लिए प्रत्येक स्तर पर ग्रामीण क्षेत्र से लेकर जिला मुख्यालय तक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारियों को ट्रेसिंग, सैंपलिंग आदि की जिम्मेदारी भी दी गई।
शुक्रवार को हुई बैठक में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने सभी कार्यों को समय पूरा करने के लिए और नियमित मॉनिटरिंग, डॉक्यूमेंटेशन के लिए जिला कार्यालय में स्थापित जिला कोविड नियंत्रण कक्ष को नर्सिंग कॉलेज सीपीसी सेंटर में स्थानांतरित कर दिया है।
सैपलिंग मैनेजमेंट में प्रशासन की ओर से डीडीओ गोपाल गिरी और चिकित्सा विभाग से डॉ. रोहित, ट्रेसिंग के लिए डिप्टी सीवीओ डॉ. पंकज जोशी और डॉ. पूजा शेरपा, पॉजीटिव रिपोर्ट और पॉजिटिव केस मैनेजमेंट के लिए आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर, डॉ. ललित मोहन भट्ट और डॉ. पवन कार्की को नियुक्त किया।
डीएम ने कोरोना की तीसरी लहर की संभावना को देखते हुए जिला चिकित्सालय, जिला कोविड हेल्थ सेंटर, बेस चिकित्सालय, जिला कोविड केयर सेंटर में सभी चिकित्सा सुविधा और ऑक्सीजन सिलिंडर पर्याप्त मात्रा रखने के निर्देश दिए। वहां एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट नंदन कुमार, सीएमओ डॉ. एचसी पंत, पीएमएस डॉ. केसी भट्ट, सीएमएस डॉ. जेएस नबियाल, डॉ. आरके जोशी आदि थे।