पिथौरागढ़। जिले की महिला मुक्केबाज निवेदिता कार्की ने सोनीपत (हरियाणा) में आयोजित यूथ गर्ल्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है।
सोनीपत (हरियाणा) में 20 से 23 जुलाई तक आयोजित यूथ गर्ल्स बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निवेदिता ने 48 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता।
प्रतियोगिता के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में निवेदिता ने मध्य प्रदेश की किरन को पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। क्वार्टर फाइनल में उन्होंने झारखंड की तेजस को पराजित कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में निवेदिता ने चंडीगढ़ की नेहा को पराजित कर फाइनल में प्रवेश पाया।
फाइनल मुकाबले में निवेदिता ने हरियाणा की गीतिका को तीन-दो से पराजित कर स्वर्ण पदक जीता। इससे पहले निवेदिता ने 30 जनवरी से तीन फरवरी 2020 तक स्वीडन में आयोजित गोल्डन गर्ल अंतरराष्ट्रीय जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था।
सात से 13 सितंबर 2019 तक रोहतक (हरियाणा) में आयोजित राष्ट्रीय जूनियर बॉक्सिंग प्रतियोगिता में निवेदिता कार्की 46-48 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक, दो से सात सितंबर 2018 तक नागपुर (महाराष्ट्र) में आयोजित सब जूनियर बालिका वर्ग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।
उनकी उपलब्धि पर कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, विधायक पिथौरागढ़ चंद्रा प्रकाश पंत, धारचूला हरीश धामी, गंगोलीहाट मीना गंगोला, डीएम आनंद स्वरूप, सीडीओ अनुराधा पाल, जिला ओलंपिक संघ अध्यक्ष महेंद्र सिंह लुंठी आदि ने बधाई दी है।