बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ में बारिश के बाद मौसम खुशनुमा हो गया। संवाद
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ जिले में तेज गरज और चमक के साथ हल्की बारिश हुई। पिछले कुछ दिनों से लगातार हल्की और मध्यम बारिश होने से गर्मी से काफी राहत मिली है। इसके अलावा जंगलों में लगी आग बुझने और धुंध के छंटने से दृश्यता में सुधार आया है।
इस समय पक्षिमी विक्षोभ सक्रिय होने से सीमांत जिले में पिछले एक सप्ताह से रुक-रुककर बारिश हो रही है। बृहस्पतिवार को पिथौरागढ़ सहित जिले के सभी हिस्सों में हल्की और मध्यम बारिश हुई। मुनस्यारी में सुबह से ही बादल छाए थे। दिन में बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। जिला मुख्यालय में दिन भर तेज धूप रही। शाम को पांच बजे से तेज गरज और चमक के साथ बारिश शुरू हुई। इस दौरान कुछ हिस्सों में तेज अंधड़ भी चला। देर शाम तक बारिश का क्रम जारी था। अस्कोट, कनालीछीना, डीडीहाट सहित जिले के अन्य हिस्सों में भी बारिश हुई।
पिछले एक सप्ताह से नियमित बारिश होने से मौसम में काफी तब्दीली आई है। घाटी वाले क्षेत्रों में लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली है। इसके अलावा जहां एक सप्ताह पहले जंगल धू-धू कर जल रहे थे। बारिश के बाद जंगलों की आग भी नियंत्रित हो गई है। इससे वन विभाग ने भी राहत महसूस की है। बारिश होने से वातावरण में छाई धुंध भी छंट गई है जिससे दृश्यता में सुधार आया है। बारिश के बाद मौसम खुशनुमा होने से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को मुनस्यारी, चौकोड़ी सहित जिले के अन्य पर्यटक स्थलों में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।