टनकपुर (चंपावत)। कैलाश मानसरोवर यात्रा 2026 के अंतिम दल के 44 सदस्यीय 10 वें दल का टनकपुर के टीआरसी में हरी झंडी दिखाकर केएमवीएन निदेशक रोहित बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में कैलाश मानसरोवर का सफल संचालन भविष्य में पर्यटन कारोबार के दृष्टि से महत्वपूर्ण होगा।
सीएम की पहल पर टनकपुर से कैलाश मानसरोवर यात्रा का संचालन चंपावत जिले से होना बड़ी उपलब्धि है। सोमवार को भारी बारिश के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा के अंतिम दल के संपर्क अधिकारी अर्जुन प्रधान और सुजीत कुमार के नेतृत्व में 28 पुरुष और 16 महिला यात्रियों को रवाना किया। भारी बारिश के बीच यात्रियों का दल पिथौरागढ़ जिले के धारचूला के लिए रवाना हुआ। अंतिम दल के यात्री यात्रा को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति अपने आप में बेहद अलग है। इस दौरान पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक मनोज कुमार आर्य आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व रविवार रात सेवा संकल्प फाउंडेशन की ट्रस्टी गीता धामी ने यात्रियों से मुलाकात की।