जिला अस्पताल में मॉक ड्रिल का जायजा लेते एसडीएम यशीवीर सिंह और सीएमओ डॉ. एसएस नबियाल। संवाद
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय सहित अन्य सभी विकासखंडों में आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शनिवार को मॉक ड्रिल हुई। कहीं भूकंप तो कहीं भूस्खलन ने आफत फैलाई। इन घटनाओं में घायलों को रेस्क्यू कर इलाज के लिए अस्पतालों में पहुंचाया गया।
मॉक ड्रिल में प्रशासन, एसडीआरएफ, पुलिस, फायर सर्विस और स्वास्थ्य विभाग की टीमें शामिल रहीं। जिला अस्पताल भूकंप से क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में इलाज के लिए पहुंचने वालों के साथ ही भर्ती मरीज और स्वास्थ्य कर्मी घायल हो गए। एसडीआरएफ, फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और 15 से अधिक घायलों को रेस्क्यू कर महिला अस्पताल पहुंचाया गया। इस काम में 20 से अधिक एंबुलेंस की मदद लेनी पड़ी।
पुलिस लाइन में भी भूकंप आने के बाद कई भवन क्षतिग्रस्त हो गए। पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। डीडीहाट में भी एसडीएम खुशबू पांडे के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग ने मॉक ड्रिल कर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखा।