पिथौरागढ़। नगर और आसपास की सड़कों पर बिखरी निर्माण सामग्री दुर्घटना का कारण बन रही है। लोग बेखौफ सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री डंप कर रहे हैं लेकिन इस पर किसी की नजर नहीं पड़ रही है। बेरोजगार संगठन ने सड़कों पर डंप और फैली निर्माण सामग्री के साथ ही गड्ढों को रेखांकित कर सिस्टम को जगाने का काम किया है। संगठन के युवाओं कहना है कि यदि तीन दिन के भीतर सड़कों पर बिखरी निर्माण सामग्री को नहीं हटाया गया तो वे खुद इसके लिए आगे आएंगे।
नगर में रई, धनौड़ा, बस्ते, पंडा, जीआईसी, पांडेगांव, ऐंचोली, बिण, जाखनी सहित अन्य स्थानों पर सड़कों के किनारे डंप निर्माण सामग्री सिस्टम की लापरवाही की पोल खोल रही है। निर्माण सामग्री सड़कों पर फैलकर दुर्घटना का कारण बन रही है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक रेत, रोढ़ी में रपटकर चोटिल हो रहे हैं। इन वाहनों की चपेट में आकर राहगीर भी अस्पताल पहुंच रहे हैं। नियमों के मुताबिक सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री डंप करना गलत है। इससे उलट नियमों का पालन कराने वाले जिम्मेदार विभाग चुप हैं और सबकुछ जानते हुए भी अनजान बने हैं।
ऐसे में बेरोजगार संगठन ने सड़कों पर बिखरी और किनारे डंप निर्माण सामग्री के साथ ही गड्ढों को रेखांकित कर लापरवाह सिस्टम का ध्यान इसकी तरफ आकर्षित किया है। संगठन के युवाओं ने जगह-जगह इस घूमकर इस लापरवाही को चिन्हित कर इस समस्या को हल करने की मांग की है। संगठन के अध्यक्ष हिमांशु गड़कोटी ने कहा कि तीन दिन के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो युवा खुद सड़कों को साफ करने का काम शुरू करेंगे। कहा कि कब तक इससे होने वाले हादसों में हमारे लोग चोटिल होते रहेंगे। संवाद
नालियां बंद, सड़कों पर बह रहा है पानी
सड़कों के किनारे निर्माण सामग्री डंप करने से नालियां चोक हो रही हैं। ऐसे में नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। राहगीरों का सड़कों पर पैदल चलना भी मुश्किल हो रहा है तो वहीं डामर उखड़ने से गड्ढे बन रहे हैं।
कोट
सड़क की कार्यदायी संस्थाओं को निर्माण सामग्री डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्र भेजा गया है। नगर निगम खुद भी अभियान चलाकर ऐसे लोगों को चिन्हित करेगा। सड़कों के किनारे डाली गई निर्माण सामग्री जब्त होगी। जल्द ही इस समस्या का समाधान कर दिया जाएगा। - राजदेव जायसी, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम, पिथौरागढ़