पिथौरागढ़ नगर के बस्ते में टैंकरों से पानी भरते लोग।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़/डीडीहाट। गर्मियां शुरू होते ही पिथौरागढ़ और डीडीहाट में पेयजल संकट गहराने लगा है। लोग पेयजल संकट से परेशान हैं। जल संस्थान टैंकरों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति करा रहा है। पिथौरागढ़ नगर के विण, रई, बस्ते सहित कई अन्य स्थानों में पेयजल की दिक्कत शुरू होने लगी है। जल संस्थान लोगों की दिक्कतों को देखते हुए टैंकरों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति करा रहा है। बता दें कि पिथौरागढ़ नगर को 12 एमएलडी पानी की आवश्यकता है। वर्तमान में नगर को मात्र छह एमएलडी पानी की आपूर्ति हो पा रही है।
आंवलाघाट पेयजल योजना से छह एमएलडी पानी मिल रहा है। जबकि एनएच निर्माण में ध्वस्त घाट पेयजल पेयजल योजना से अभी आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। जल संस्थान इस योजना को ठीक करने का कार्य कर रहा है। इधर डीडीहाट में पेयजल किल्लत के शुरू होने के बाद जल संस्थान पेयजल टैंकरों से पानी की आपूर्ति करा रहा है। जल संस्थान के ईई अवधेश कुमार ने बताया कि इस बार जाड़ों में बारिश के नहीं होने के कारण पेयजल स्रोत रिचार्ज नहीं हो पाए हैं। जिस कारण दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने बताया कि सुभाष वार्ड, शिव मंदिर वार्ड, जीआईसी वार्ड में टैंकर व पिकप के माध्यम से पानी बांटा जा रहा है।
शीतकाल में कम बारिश और बर्फबारी से गहराया पेयजल संकट
पिथौरागढ़। शीतकाल में इस बार पिछले वर्षों की तुलना में कम बारिश और बर्फबारी हुई है। हैंडपंपों का जल स्तर पर भी काफी नीचे जा चुका है। जल स्रोतों में पानी की मात्रा घट गई है। इससे पेयजल की दिक्कतें होने लगी है। घरों में पानी की बूंद नहीं टपकने से लोग प्राकृतिक जल स्रोतों और अन्य माध्यमों से पेयजल की आपूर्ति कर रहे हैं।