पिथौरागढ़ में आपदा के कार्यों की समीक्षा करते डीएम।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। डीएम ने मानसून सत्र की तैयारियों के लिए पूर्व में आवंटित कार्य की प्रगति समीक्षा की। उन्होंने विभागों से अभी तक कार्ययोजना उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को फटकार लगाई। डीएम ने कहा कि मानसून सत्र निकट है। बरसात शुरू हो चुकी है। इसलिए आपदा प्रबंधन के कार्यों में शिथिलता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान डीएम ने जिला पूर्ति अधिकारी, सभी तहसीलदार और एमओआईसी के वेतन आहरण पर रोक लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया।
बृहस्पतिवार को आयोजित बैठक में डीएम डॉ. आशीष चौहान ने तहसील स्तर से आपदा उपकरणों और सामग्री की डिमांड नहीं मिलने, पूर्ति विभाग के सीमांत क्षेत्रों में राशन पहुंचाने के लिए टेंडर नहीं करने और स्वास्थ्य विभाग से गर्भवती महिलाओं का डेटा अभी तक उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जताई। उन्होंने तहसीलदारों, जिला पूर्ति अधिकारी और एमओआईसी के वेतन आहरण पर रोक लगाने के साथ ही संबधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया। डीएम ने सीमांत गोदामों तक राशन पहुंचाने के लिए अगले दो दिनों में कार्ययोजना उपलब्ध कराने को कहा।
तहसील स्तर पर सभी गांवों का सर्वे कर रंगीन मैप और निकटतम हैलीपेडों का कार्डिनेट चार दिनों के भीतर देने को कहा। तहसील स्तर पर आपदा प्रबंधन को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि आपदा से निपटने के लिए जो भी उपकरण और अन्य जरूरी सामान की तुरंत डिमांड देने को कहा। बैठक में एडीएम एफआर चौहान सहित कई विभागों के अधिकारी, एसडीएम मौजूद रहे।
धारचूला, मुनस्यारी और डीडीहाट तहसील में लगाएं सेटेलाइट फोन
पिथौरागढ़। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने धारचूला, मुनस्यारी और डीडीहाट तहसील में सेटेलाइट फोन, वुडकटर, ड्रैगन और आस्का लाइट, सर्च व हैड लाइट सहित सभी उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने तहसील स्तर पर रीजनल रिलीफ सेंटर की व्यवस्था करने और यूजीबी से वी-सेट अधिग्रहीत करने को कहा। उन्होंने लोनिवि, पीएमजीएसवाई, बीआरओ और अन्य सड़क से जुडे विभागों को बरसात के दौरान बंद होने वाली सड़कों को तत्काल यातायात के लिए सुचारू करने के लिए रिसोर्स मोबिलाइजेशन प्लान तैयार रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नदियों पर संचालित ट्रालियों को रिपेयर करने के भी निर्देश दिए। आपदा की तैयारियों को परखने के लिए मॉकड्रिल कराने को भी कहा। संवाद