डीडीहाट जिले की मांग को चलाए जाने वाले प्रस्तावित आंदोलन को लेकर रणनीति बनाते लोग।
- फोटो : PITHORAGARH
डीडीहाट(पिथौरागढ़)। 15 अगस्त 2011 में घोषणा होने के बाद भी डीडीहाट जिले के अस्तित्व में नहीं आने से लोगों में नाराजगी है। जिला बनाओ संघर्ष समिति ने बैठक कर निर्णय लिया कि एक अक्तूबर से जिले को अस्तित्व में लाने के लिए अनिश्चितकालीन आमरण अनशन किया जाएगा।
रविवार को रामलीला मैदान में हुई जिला बनाओ संघर्ष समिति की बैठक में व्यापार संघ डीडीहाट ने जिले के गठन को लेकर अंतिम लड़ाई लड़ने में पूरा समर्थन करने की बात कही। व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष कुंडल सिंह कन्याल ने कहा कि 15 अगस्त 2011 को जिला बनाकर भाजपा की सरकार ने हमारी सारी मांगे पूरी कर दी थी लेकिन आज तक यह जिला अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहा है। जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारी लवि कफलिया ने कहा कि अब सरकार के साथ आर या पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके लिए 100 लोगों की सूची तैयार कर ली गई है जो बारी-बारी से आमरण अनशन में बैठेंगे। बैठक में व्यापार संघ के अध्यक्ष मनोज साह ने जिले के लिए चलने वाले आंदोलन में पूरा सहयोग करने की बात कही। बैठक में पूर्व व्यापार संघ अध्यक्ष गोविंद लाल साह सहित नगर के व्यापारी और समिति के सदस्य मौजूद रहे।