डीडीहाट में नवनियुक्त अध्यक्ष तरुण पाल को पौधा भेंट करते राज्य आंदोलनकारी। संवाद
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगर के पर्यटक आवास गृह में रविवार को राज्य निर्माण सेनानी संगठन की बैठक हुई। मंडल अध्यक्ष दिनेश गुरुरानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में वंचित और चिह्नित राज्य आंदोलनकारी शामिल रहे। सभी ने वंचित आंदोलनकारियों का शीघ्र चिह्नीकरण करने की मांग की।
राज्य आंदोलनकारियों ने कहा कि जिन लोगों ने राज्य निर्माण की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई, आज वे उपेक्षित हैं। इस लड़ाई में शामिल कई लोगों का चिह्नीकरण नहीं हुआ है, जिससे उन्हें राज्य आंदोलनकारियों का दर्जा नहीं मिल सका है। लंबे समय से चिह्नीकरण की मांग की जा रही है लेकिन सरकार इसके लिए गंभीर नहीं दिख रही है। इस दौरान तरुण पाल को वंचित राज्य आंदोलनकारी का जिलाध्यक्ष बनाया गया।
संचालन गोविंद सिंह रावत ने किया। बैठक में सुनील शाह, दीवान शाही, शेर सिंह शाही, अर्जुन कन्याल, दिनेश जोशी, जगदीश जोशी, हरीश कुंवर, जगत सिंह ठकुराठी, आन सिंह धामी सहित कई लोग शामिल रहे। बैठक के समापन पर सभी आंदोलनकारियों ने एक पौधा धरती मां के नाम भी रोपा गया।