थल-लेजम सड़क की गुणवत्ता को लेकर प्रदर्शन करते युवा।
- फोटो : PITHORAGARH
थल (पिथौरागढ़)। थल-लेजम सड़क सुधारीकरण के कार्य में युवाओं ने खराब गुणवत्ता का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन कर आक्रोश प्रकट करते हुए शीघ्र मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
सोमवार को आक्रोशित युवाओं ने लोनिवि के खिलाफ नारे लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 2.80 किमी लंबी थल - लेजम मोटर मार्ग में सड़क बनने के बीस साल बाद स्पेशल कंपोनेंट मद से शासन से 2,03,29,000 रुपये स्वीकृत हुए हैं।
इससे सड़क सुधारीकरण में स्क्रबर, दीवार, पैराफिट के साथ डामरीकरण का कार्य होना है। इस समय सड़क पर स्क्रबर निर्माण का कार्य चल रहा है। आरोप लगाया कि विभाग की शह सड़क की खोदी जा रही मिट्टी में ही सीमेंट मिलाकर स्क्रबर का निर्माण हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इसमें नाममात्र की ही बजरी मिलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि बीस साल बाद सड़क पर पहली बार कार्य हो रहा हैं, यदि गुणवत्ता के अनुरूप कार्य नहीं हुआ तो वह आंदोलन करेंगे। वहां कमलेश जोशी, भूप्पी गिरी, संतोष कुमार, महिपाल कुमार, शिवा कुमार, दीपक कुमार आदि थे।